भाजपा पहले खुद तय कर ले कि वह माफियाओं के साथ है  या उनसे पीड़ित जनता के साथ-नरेंद्र सलूजा

 


भोपाल।मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के निर्देश पर प्रदेश भर में माफियाओं के खिलाफ एक बड़ा अभियान जनता को न्याय दिलाने के लिये प्रारंभ हो चुका है। प्रदेश को माफिया मुक्त प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ शुरू इस अभियान का जनता खुलकर समर्थन कर रही है, इन माफियाओ के खिलाफ मुखर होकर अपनी शिकायतें दर्ज करवा रही है। 
वर्षों से माफियाओं से त्रस्त आम जनता न्याय के लिए दर-दर भटक रही थी, इस कार्रवाई से उन्हें न्याय मिलने की आस जाग गयी है और वह खुले मन से इस कार्रवाई का समर्थन ब स्वागत कर रही है। 
केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर से लेकर, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , देश की पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन व कई भाजपा नेतागण खुलकर इस मुहिम का समर्थन और स्वागत कर चुके हैं। वही आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह माफियाओं पर कार्यवाही को मुद्दों से ध्यान भटकाने की कार्यवाही बता रहे हैं, आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस के ही लोग माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं।
सलूजा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान बेहद बचकाना है। जिनकी 15 वर्ष प्रदेश में सरकार रही, वह एक साल की कांग्रेस सरकार पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। पूरा प्रदेश जानता है कि माफिया किसके राज में फले-फूले -पनपे और किसने उन्हें संरक्षण दिया, किसने उन्हें पोषित किया ?